अभिषेक पूर्णिमा
पिहोवा, 8 जुलाई: गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के पावन आशीर्वाद एवं प्रेरणा से श्री कृष्ण कृपा सेवा समिति द्वारा श्री कृष्ण जन्माष्टमी एवं गौसेवा को समर्पित प्रभात फेरियों का आयोजन 9 जुलाई से 4 सितंबर तक किया जाएगा।
पहली प्रभात फेरी वीरवार को सुरज प्रकाश तनेजा परिवार के सौजन्य से गुरूद्वारा रोड पर होगी। श्री कृष्ण कृपा गौशाला समिति के प्रधान जगदीश तनेजा ने बताया कि प्रभात फेरियों का मुख्य उद्देश्य लोगों को भक्ति एवं गौसेवा से जोड़ना है।
इन आयोजनों के माध्यम से प्राप्त होने वाली सहयोग राशि का उपयोग गौशाला में चारा, तुड़ी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर किया जाता है।
श्री कृष्ण कृपा गौशाला समिति के कोषाध्यक्ष राजीव धवन ने बताया कि जिला कुरुक्षेत्र की सबसे बड़ी इस गौशाला में करीब 1500 गौवंश का पालन-पोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गौशाला के संचालन एवं गौसेवा के लिए समाज के सहयोग की अत्यंत आवश्यकता है।
श्री कृष्ण कृपा मंदिर संचालन समिति के सेवादार चिराग ग्रोवर ने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। उन्होंने श्रद्धालुओं एवं दानी सज्जनों से गौशाला में गोग्रास, निर्माण कार्यों तथा अन्य सेवा कार्यों में उदारतापूर्वक सहयोग देने का आह्वान किया।
मीडिया प्रभारी भरत तनेजा व श्री कृष्ण कृपा सेवा समिति के सरपरस्त तेजिंदर वालिया ने बताया कि प्रभात फेरियों के दौरान 30 जुलाई से 2 अगस्त तक अनाज मंडी परिसर में चार दिवसीय गीता ज्ञान अमृत महोत्सव का आयोजन भी होगा।
इस अवसर पर परम पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद महाराज अपने प्रेरणादायी प्रवचनों से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और गौसेवा का संदेश देंगे।
Tags
PEHOWA
.webp)