समाधान शिविरों में आमजन की सुनी जा रही समस्याएं : अनिल कुमार दून

राजेश वर्मा। कुरुक्षेत्र भूमि
पिहोवा,  20 अप्रैल

 उपमंडल अधिकारी नागरिक अनिल कुमार दून ने कहा कि समाधान शिविरों की जानकारी विभिन्न माध्यमों से आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए, जिसमें लोगों को शिविरों के आयोजन का दिन और समय की पूरी जानकारी मिल सके, ताकि वे अपनी समस्या दर्ज करवा सकें और उनका समाधान करवा सकें। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में पहुंचने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान किया जा रहा है।
उपमंडल अधिकारी नागरिक अनिल कुमार दून सोमवार को एसडीएम कार्यालय के सभागार में प्रशासन द्वारा आयोजित किए गए समाधान शिविर में लोगों की समस्याएं सुनने उपरांत अधिकारियों को कुछ आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे थे। इससे पहले एसडीएम अनिल कुमार दून ने विभिन्न विभागों से सम्बन्धित लोगों की समस्याओं का सुना और उनका समाधान करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। इस शिविर की एक-एक समस्या को गंभीरता से लिया जा रहा है ताकि प्रत्येक व्यक्ति को समय रहते शिविर का फायदा मिल सके।
उन्होंने कहा कि उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार व वीरवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के लिए सरकार द्वारा समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। समाधान शिविर में शिकायतें निपटाने के बाद भी निगरानी कमेटी फीडबैक के लिए शिकायतकर्ताओं से संपर्क करती है। शिकायतकर्ता की संतुष्टि ना होने पर शिकायत को रि-ओपन किया जाता है। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान करने में अधिकारी गंभीरता बरतें। इन शिकायतों का निपटाने करने में जिस विभाग और अधिकारी की लापरवाही मिलती है, उस पर नियमानुसार कार्रवाई भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों में से अधिकारी सबसे पहले अपने विभाग की अधिक समय से लंबित शिकायतों का निपटान किया जाए।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में आने वाले शिकायतों की निगरानी स्वयं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कर रहे हैं। प्रदेश स्तर पर गठित टीम हर शुक्रवार को इन शिकायतों पर सभी जिलों व उपमंडल के साथ समीक्षा भी करती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post