पिहोवा, 1 जून (अभिषेक पूर्णिमा): भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के चयन पर पिहोवा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर्षोल्लास के साथ खुशी मनाई। इस अवसर पर भाजपा लीगल सेल के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुशांत भारती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर लड्डू वितरित किए और प्रदेश नेतृत्व को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाते हुए विश्वास जताया कि अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा प्रदेश में पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को नई गति मिलेगी।
इस मौके पर सुशांत भारती ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ता आधारित राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि अर्चना गुप्ता का प्रदेश अध्यक्ष पद पर चयन पार्टी नेतृत्व की दूरदर्शी सोच का परिचायक है। उनके अनुभव, संगठन क्षमता और कार्यकर्ताओं के साथ मजबूत संवाद का लाभ पार्टी को निश्चित रूप से मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनका कार्यकाल भाजपा को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सुशांत भारती ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा और विकास के संकल्प को लेकर जनता के बीच कार्य कर रहा है। नए नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत होगा तथा आगामी चुनावों में भाजपा और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच जाएगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जिस विश्वास के साथ अर्चना गुप्ता को यह जिम्मेदारी सौंपी है, वह उस पर पूरी तरह खरा उतरेंगी और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।
इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका प्रधान दीपक अत्री, मलूक सिंह, हरमीत सिंह, मांगे राम, बिल्ला, सुखदेव, सुभाष, प्रधान जीता राम, पूर्व सरपंच रंजीत सिंह, दर्शन, सरपंच नैसी तथा कंवलजीत सिंह सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने प्रदेश अध्यक्ष के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह उत्सवमय रहा। कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेतृत्व के समर्थन में नारे लगाए तथा पार्टी की आगामी योजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की। लड्डू वितरण के साथ संपन्न हुए इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
