बोले, कहा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षा व विकास को मिल रही नई दिशा एवं विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की पहल
अभिषेक पूर्णिमा/राजेश वर्मा
पिहोवा, 27 अप्रैल।हरियाणा लीगल सेल प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुशांत भारती ने नगरपालिका पिहोवा द्वारा राजकीय माध्यमिक विद्यालय, गोचारण में करीब 8 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक कंप्यूटर लैब का सोमवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर हरियाणा लीगल सेल के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुशांत भारती मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन सोमवार, 27 अप्रैल को हुआ, जिसमें वार्ड नंबर 1 के पार्षद लाभ सिंह के साथ क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षाविदों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत फीता काटकर किया गया और इसके बाद उपस्थित अतिथियों ने कंप्यूटर लैब का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सराहना की। इस अवसर पर सुशांत भारती ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हर क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें और वे तकनीकी रूप से सक्षम बन सकें। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा अत्यंत आवश्यक हो गई है। ऐसे में इस प्रकार की सुविधाएं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी शहरों के बराबर अवसर प्रदान करेंगी। उन्होंने विद्यालय प्रशासन और नगरपालिका पिहोवा के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों का भविष्य उज्जवल होगा। कार्यक्रम में नगरपालिका पिहोवा के चेयरमैन आशीष चक्रपाणी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि नगरपालिका द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और भविष्य में भी इस तरह की योजनाएं जारी रहेंगी। उन्होंने कहा कि यह कंप्यूटर लैब विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। इस मौके पर नगर पार्षद वार्ड नंबर 1 लाभ सिंह ने भी विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रिंसिपल कमल गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया और कहा कि यह लैब स्कूल के बच्चों के लिए एक बड़ी सौगात है। कार्यक्रम के दौरान अन्य प्रमुख रूप से उपस्थित लोगों में रामधारी शर्मा, युधिष्ठिर बहल, लाडी पाल, सतपाल शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक शामिल रहे। सभी ने इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का धन्यवाद किया गया और उम्मीद जताई गई कि भविष्य में भी इस प्रकार के विकास कार्य जारी रहेंगे, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। यह पहल न केवल शिक्षा के स्तर को मजबूत करेगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को डिजिटल दुनिया से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाएगी।