पिहोवा, 5 जून। हरियाणा सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने आज गांव अरुणाय स्थित श्री संगमेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक पूजन किया। मंदिर सेवादल के प्रबंधक भूषण गौतम ने बताया कि महंत विश्वनाथ गिरी के सानिध्य में पंडित सतीश शास्त्री ने पूजा करवाई।
इस अवसर पर मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं में धार्मिक स्थलों का विशेष महत्व है। संगमेश्वर महादेव मंदिर अरूणाय जैसे पवित्र स्थान समाज में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। मंदिर से उनका और मुख्यमंत्री नायब सैनी का विशेष लगाव है।
श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी का उन पर विशेष आशीर्वाद रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है। धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में संगमेश्वर महादेव मंदिर के रास्ते को भी करोड़ों रुपए लगाकर फोरलेन किया जा रहा है। मंत्री के साथ उनके पुत्र गौरव बेदी भी मौजूद रहे। जिन्होंने पूजन में हिस्सा लिया।
सेवादल के प्रबंधक भूषण गौतम ने बताया कि महंत विश्वनाथ गिरी ने मंत्री कृष्ण बेदी को मंदिर द्वारा संचालित व्यवस्था के बारे में बताते हुए उन्हें प्रसाद देकर आशीर्वाद दिया।
Tags
Haryana

