राजेश वर्मा। कुरुक्षेत्र भूमि
पिहोवा,
16 मार्च से शुरू होने वाले पिहोवा के वार्षिक चैत्र चतुर्दशी मेले के लिए प्रशासन द्वारा तैयारियां की जा रही है। यात्रियों की सुख सुविधा व मेले के प्रबंध के लिए प्रशासन लगातार बैठके आयोजित कर रहा है तथा जोर शोर से प्रचार प्रसार किया जा रहा है कि मेले के लिए भारी प्रबंध किए जा रहे हैं। जबकि प्रशासन द्वारा किए जा रहे यह प्रबंध मात्र कागजों पर ही किए जा रहे हैं । प्रशासन द्वारा लगातार इन बैठकों की पोल मुख्य सरस्वती मंदिर के आगे लगे डिवाइडर खोल रहे हैं। सरस्वती मंदिर के आगे बने डिवाइडर इस कदर टूटे हुए हैं कि दूर से ही वह मेंला प्रबंधों की पोल खोल रहे हैं। इतना ही नहीं इन डिवाइडर में लगे बड़े-बड़े पेड़ों की जड़े भी बाहर निकल चुकी है। जिस कारण इन पेड़ों के गिरने का खतरा भी पैदा हो गया है। पेड़ों के कारण कभी भी कोई भयंकर हादसा हो सकता है। इस बारे जानकारी देते हुए शिवसेना हिंदुस्तान के प्रदेश अध्यक्ष जागीर सिंह मोर ने बताया कि मेले के लिए साफ सफाई पर ही जोर दिया जा रहा है। जबकि लोगों की सुरक्षा की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा मुख्य मंदिर के सामने ही लगे पेड़ हादसो को न्योता दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस डिवाइडर को पहले लोहे सरिया डालकर बड़ी मजबूती से बीम बनाया गया था। परंतु सौंदर्यकरण के नाम पर पालिका ने इन लोहा सरिया के पड़े हुए बीम को तोड़ दिया तथा केवल ईंटों से बनाकर डिवाइडर बना दिया गया। इतना ही नहीं इस पर लगी पुरानी मजबूत लोहे की ग्रील को भी हटा दिया गया तथा उसके स्थान पर सौंदर्य करण के नाम पर स्टील की ग्रिल लगा दी गई ।जिसको नशेड़ियों ने वर्षों पहले उखाड़ कर बेच दिया। कुछ ग्रिल आवारा पशुओं ने तोड़ डाली तथा कुछ खुद ही टूट गई ।अब यह टूटी-फूटी ग्रिल व टूटा हुआ डिवाइडर अपने विकास की गाथा सुना रहा है। जागीर मोर सहित रोशन लाल शर्मा, रमेश पंचाल, राजेश शर्मा ,मोहित राणा ,नरेश शर्मा, विजय कौशिक ने कहा कि यदि मेले से पहले इस डिवाइडर को ठीक न किया गया तो शिवसेना हिंदुस्तान इसके विरोध में प्रदर्शन करेगी।
