अभिषेक पूर्णिमा
पिहोवा।भाजपा कुरुक्षेत्र के जिला महामंत्री और भाजपा जीएसटी कमेटी के जिला संयोजक सी.एस. अर्जुन त्यागी ने आज प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि हाल ही में हुई 56वीं जीएसटी काउंसिल बैठक में प्रस्तावित Next Generation GST Reforms भारत की कर प्रणाली में ऐतिहासिक परिवर्तन के रूप में सामने आए हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में यह सुधार केवल छोटे संशोधन नहीं हैं, बल्कि ऐसे संरचनात्मक कदम हैं जो भारत को आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में मज़बूत आधार प्रदान करेंगे।
जिला महामंत्री ने कहा कि इस बैठक में कर संरचना को सरल और जनहितैषी बनाते हुए कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। 28% और 12% जैसी ऊँची कर दरों को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है और अधिकांश आवश्यक वस्तुओं को न्यूनतम कर दर में शामिल करने का साहसिक निर्णय लिया गया है। इसके परिणामस्वरूप रोज़मर्रा की वस्तुएँ अब और सस्ती होंगी, डेयरी उत्पादों और उपभोक्ता सामग्रियों की कीमतों में उल्लेखनीय राहत मिलेगी तथा सीमेंट पर कर दर घटाकर निर्माण क्षेत्र और घर बनाने के सपने को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र और बीमा प्रीमियम पर कर भार घटने से अब बीमा भी और सस्ता होगा, जिससे हर नागरिक और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। यह मोदी सरकार की जनता के प्रति वचनबद्धता का परिचायक है। इन फैसलों ने न केवल वस्तुओं को सस्ता किया है बल्कि देश की जनता को आदरणीय मोदी जी ने दीवाली का डबल उपहार दिया है।
जिला महामंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियाँ सदैव जनता के केंद्र में रही हैं। गरीब हो या किसान, व्यापारी हो या मध्यमवर्गीय परिवार हर वर्ग के लिए राहत और विकास सुनिश्चित करना ही भाजपा का संकल्प है। यही कारण है कि आज कर सुधारों से लेकर सामाजिक योजनाओं तक, मोदी सरकार लगातार जनकल्याणकारी नीतियाँ लागू कर रही है।
जिला महामंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा मानती है कि सरल, न्यायपूर्ण और पारदर्शी कर प्रणाली ही भारत की प्रगति का वास्तविक आधार है। यही कारण है कि मोदी सरकार के ये सुधार जीएसटी को केवल कर प्रणाली तक सीमित नहीं रखेंगे, बल्कि इसे भारत की आर्थिक आकांक्षाओं को गति देने वाला परिवर्तनकारी इंजन बना देंगे।
