पिहोवा। भाजपा लीगल सेल के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुशांत भारती ने कहा- पात्र मतदाताओं का नाम सूची में होना बेहद आवश्यक है। गांव धूलगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा लीगल सेल के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुशांत भारती ने ग्रामीणों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए यह आवश्यक है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही तरीके से दर्ज हो।
यदि किसी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो उसे समय रहते ठीक कराया जाना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें।
सुशांत भारती ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा चलाया जा रहा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं बल्कि एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक जिम्मेदारी भी है। जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की नींव होते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी रखनी चाहिए और समय-समय पर मतदाता सूची में अपना विवरण भी अवश्य जांचना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका सुशांत भारती ने विस्तार से उत्तर दिया। उन्होंने अभियान के उद्देश्य और प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाते हुए सभी से सक्रिय सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक समिति चेयरमैन धर्मपाल, रोशन लाल, मुक्तयार सिंह, पाला राम, ज़िले सिंह सहित गांव के अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मतदाता जागरूकता अभियान को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने का संकल्प लिया।
Tags
Pehowa