अभिषेक पूर्णिमा
पिहोवा। एचएसईबी वर्कर्स यूनियन की ओर से लंबित मांगों को लेकर एसडीओ सबडिवीजन के खिलाफ दो घंटे रोष प्रदर्शन किया गया।
इसकी अध्यक्षता सब यूनिट प्रधान बलिंद्र सिंह ने की। जबकि मंच संचालन सह सचिव हरभजन सिंह ने किया। यूनिट प्रधान बलबीर रंगा ने बताया कि यूनियन की मांग शहरी शिकायत केंद्र को विभाजित कर दो शिकायत केंद्र स्थापित करने की है। वर्तमान में शहरी शिकायत केंद्र के तहत लगभग 16 हजार उपभोक्ता आते हैं। जबकि विभागीय नियमों के अनुसार प्रत्येक 4 हजार उपभोक्ताओं पर एक शिकायत केंद्र होना चाहिए।
यूनियन ने आरोप लगाया कि अत्यधिक कार्यभार के कारण पहले भी एक कर्मचारी की मृत्यु हो चुकी है। कई कर्मचारी करंट लगने की घटनाओं का शिकार हो चुके हैं।
इसके अतिरिक्त अधिक कार्यभार के चलते कर्मचारियों और उपभोक्ताओं के बीच प्रतिदिन विवाद की स्थिति पैदा होती रहती है।
सचिव रणजीत सिंह ने बताया कि सतोड़ा और गलेडवा शिकायत केंद्रों और 33 केवी सब-स टेशन ईशाक, बाखली व गुलडेहरा में कार्यरत कई कर्मचारी नई जॉइनिंग सूची में चयनित होकर नौकरी छोड़ चुके हैं। जिससे इन केंद्रों और सब-स्टेशनों पर कर्मचारियों की भारी कमी हो गई है। इस संबंध में विभाग को आवश्यक कर्मचारियों की नियुक्ति करने की मांग से पहले ही अवगत कराया जा चुका है।
यूनियन के अनुसार इन मांगों के समाधान के लिए विभाग को 25 जून तक का समय दिया गया था। लेकिन ना तो यूनियन के साथ कोई वार्ता की गई और ना ही समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस कदम उठाया गया। इसे लेकर यूनियन को विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो 6 जुलाई से शहरी शिकायत केंद्र को बंद कर आंदोलन तेज किया जाएगा। इस मौके पर यूनिट प्रधान बलबीर रंगा, सचिव रणजीत सिंह, बलदेव सिंह, मुकेश कुमार, दीप कुमार, शमशेर, बलजिंदर, रोशन, हरपाल, दीपक कुमार, करनैल सिंह व सुनील कुमार सहित कर्मचारियों ने रोष प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
Tags
Pehowa