जिप चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने विद्यालयों को दी स्वच्छता की सौगात, घास काटने की मशीनें वितरित कर किया पौधारोपण


अभिषेक पूर्णिमा/पिहोवा(कुरुक्षेत्र)

स्वच्छ भारत–स्वच्छ हरियाणा अभियान को मिली नई गति: जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने स्कूलों को वितरित की घास काटने की मशीनें, 'एक पेड़ मां के नाम' के तहत किया पौधारोपण

            पिहोवा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "स्वच्छ भारत मिशन" एवं "एक पेड़ मां के नाम" अभियान तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में चल रहे स्वच्छता एवं जनकल्याण के प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए जिला परिषद कुरुक्षेत्र द्वारा जिले के सभी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक एवं उच्च विद्यालयों में घास काटने की मशीनों के वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ पिहोवा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मुर्तजापुर से किया गया l
                
              कार्यक्रम में विद्यालय परिवार द्वारा जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर का पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद जिला परिषद की ओर से पिहोवा खंड के विद्यालयों के मुख्याध्यापकों एवं प्रधानाचार्यों को घास काटने की मशीनें वितरित की गईं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। 

               सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन ने देशभर में स्वच्छता को जनभागीदारी का अभियान बनाया है।

             मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी स्वच्छ हरियाणा के संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ साकार कर रही है। जिला परिषद कुरुक्षेत्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं को गांव-गांव और विद्यालय तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों को घास काटने की मशीनें उपलब्ध कराने का उद्देश्य केवल साफ-सफाई बनाए रखना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। 

               स्वच्छ विद्यालय ही स्वस्थ और सशक्त समाज की नींव होते हैं। उन्होंने सभी विद्यालयों से इन मशीनों का नियमित उपयोग करने तथा परिसर में अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला पार्षद प्रतिनिधि सुंदरपाल, खंड शिक्षा अधिकारी रामराज, सरपंच प्रतिनिधि जगतराम तथा पिहोवा खंड के सभी मुख्याध्यापक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

             कार्यक्रम का समापन स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "स्वच्छ भारत मिशन", "एक पेड़ मां के नाम" अभियान तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के "स्वच्छ हरियाणा" विजन को जन-जन तक पहुंचाने और स्वच्छ, सुंदर एवं हरित पिहोवा तथा कुरुक्षेत्र के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Previous Post Next Post