कुरुक्षेत्र पुलिस का “ऑपरेशन मैदान-2.0” सफल रहा, भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद
धरपकड़ के साथ गांव-गांव जागरूकता अभियान भी जारी, निगरानी लगातार जारी ।
अभिषेक पूर्णिमा
कुरुक्षेत्र/पिहोवा, 1 जुलाई । पुलिस महानिरीक्षक अम्बाला मण्डल के निर्देशानुसार कुरुक्षेत्र पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ विशेष अभियान “ऑपरेशन मैदान-2.0” लगातार चला गया। अभियान के तहत जिलेभर में पुलिस द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाकर नशा तस्करों और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जिला पुलिस का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना तथा समाज को सुरक्षित और नशामुक्त बनाना है। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
एक माह में 76 आरोपी काबू, भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद ।
कुरुक्षेत्र ने “ऑपरेशन मैदान-2.0” के तहत एक माह ( 28 मई से 26 जून तक) में कुरुक्षेत्र पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत 41 मामले दर्ज किए गए जिनमें 2 मामले वाणिज्य मात्रा का भी शामिल हैं। इन मामलों में 76 आरोपियों को गिरफतार करके भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किये गए। आरोपियों से 545 ग्राम 763 मिलीग्राम हैरोईन, 18 किलो 027 ग्राम गांजा, 33.670 ग्राम स्मैक, 151 किलो 970 ग्राम चूरापोस्त, 8 ग्राम चरस, 1 किलो 07 ग्राम अफीम, 4 लाख 83 हजार 660 रुपये बरामद किए गए। इसके साथ ही 1 ट्रक, 1 मोबाइल फोन, 3 मोटरसाइकिल, 5 कार बरामद की गई। अभियान के दौरान 531 बोतल ठेका शराब देसी, 200 लीटर लाहन, 21 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। इसी अवधि में 4 देसी पिस्टल व 2 जिन्दा रौंद बरामद किये गए।
कुरुक्षेत्र पुलिस द्बारा इस अवधि के दौरान 359 आदतन अपराधियों को चैक किया गया तथा 54 आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीसीट भी खोली गई। इसके साथ ही 227 वाहनों की जांच की गई तथा 173 वाहनों के चालान किए गए तथा 2 मोटरसाइकिल इम्पाउंड की गई। अभियान के दौरान 98 अपराधियों की संपत्तियों को ज़ब्त करने/विध्वंस के लिए चिह्नित किया गया व 4 अपराधियों की सम्पति को नष्ट किया गया तथा 33 अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई। 01 आरोपी की पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत कारवाई के लिए प्रस्ताव तैयार करके उच्च अधिकारीयों को भेजा गया। इसी प्रकार 2 आरोपियों की सम्पति अटैच करवाने की कारवाई अमल में लाई जा रही है।
नौजवानों को समाज से जोड़ने का प्रयास, जागरूकता अभियान जारी ।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस नशा तस्करों की धरपकड़ में जुटी हुई है, वहीं दूसरी ओर समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान भी लगातार चलाए जा रहे हैं। उन्होंने ने बताया कि कुरुक्षेत्र पुलिस द्बारा 97 ऐसे व्यक्तियों की पहचान की गई जो किसी ना किसी नशे के आदी थे। इसके अतिरिक्त 94 का उपचार करवाया गया 5 का उपचार जारी है। निरीक्षक की देखरेख में पुलिस टीमें गांवों, स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक कर रही हैं। लोगों से अपील की जा रही है कि वे नशे से दूर रहें और अपने आसपास यदि कोई व्यक्ति नशे का कारोबार करता दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
नशे को लेकर सीसीटीवी कैमरों और पुलिस मित्र के माध्यम से की जा रही निगरानी
पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन के कुशल मार्ग दर्शन में जिल पुलिस द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। जिला में टीमों ने 668 दवाईयों की दुकानों की जांच की और 18 नमूने एकत्र किए गए। इस दौरान आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए नशा तस्करों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए इस अवधि के दौरान पुलिस द्वारा प्रमुख क्षेत्रों में 20 नए सीसीटीवी कैमरे लगवाए गये तथा 168 पुराने लगे हुए हैं कुल कैमरों की संख्या 188 हो गई है। इसी प्रकार 170 पुराने पुलिस मित्रों 334 नए और जोडे गए हैं जिनकी कुल संख्या 504 हो गई है।

