भीषण गर्मी के बीच राहगीरों की प्यास बुझाने को आगे आए लाइब्रेरी के विद्यार्थी


अभिषेक पूर्णिमा

पिहोवा, 10 जून : भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच नगर की विभिन्न धार्मिक, सामाजिक  संस्थाओं के साथ-साथ अनेक समाजसेवी लोगों द्वारा मानव सेवा का सराहनीय कार्य किया जा रहा है।   

              राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न स्थानों पर प्रतिदिन ठंडे एवं मीठे शरबत की छबीलें लगाई जा रही हैं। इन छबीलों में बड़ी संख्या में लोग ठंडा व मीठा शरबत ग्रहण कर भीषण गर्मी से राहत महसूस कर रहे हैं।  
 
          इसी श्रृंखला में सुपर मार्किट स्थित साईस लाइब्रेरी के छात्र-छात्राओं ने  ठंडे एवं मीठे शरबत की छबील लगाकर सेवा, मानवता और भाईचारे का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने आने वाले राहगीरों, दुकानदारों तथा आमजन को प्रेमपूर्वक शरबत पिलाकर उन्हें गर्मी से राहत पहुंचाई।

          विद्यार्थियों ने बताया कि बढ़ते तापमान को देखते हुए लोगों की सेवा करने के उद्देश्य से यह पहल की गई। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के ऐसे कार्य आपसी सहयोग और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं।

           छबील के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने शरबत ग्रहण किया और विद्यार्थियों की इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया। राहगीरों ने भी युवाओं के सेवा भाव की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं।

           साईस लाइब्रेरी के विद्यार्थियों ने भविष्य में भी इसी प्रकार जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया और सभी ने मिलकर सेवा कार्य में सक्रिय योगदान दिया।

         इस मौके पर प्राध्यापक हरविंदर, अभिषेक, सागर, विनोद सैनी, सचिन, सोनू, मोहित, गौरव, दीक्षा, प्रियंका, नेहा, तनु, अमन, पूनम,सहित अनेक छात्र छात्राएं मौजूद रहे।


Previous Post Next Post