जनता दरबार में एस.पी. चंद्रमोहन ने सुनीं 50-55 लोगों की समस्याएं, मौके पर किया समाधान


अभिषेक पूर्णिमा

एस.पी. चंद्रमोहन ने सदर थाना परिसर में किया पौधारोपण

पिहोवा, 19 जून: आमजन और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन ने शुक्रवार को थाना सदर पिहोवा में खुला जनता दरबार लगाकर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। 
           
              जनता दरबार में करीब 50-55 लोगों ने अपनी विभिन्न शिकायतें एवं समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शिकायतों का तुरंत निपटारा होने से लोगों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ दिखाई दी।

                       जनता दरबार के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान के आदेश दिए। 
              
                 इस दौरान नागरिकों ने सरस्वती सरोवर के आसपास अवैध रूप से खड़ी रेहड़ियों को हटाने तथा वहां भीख मांगने वाली महिलाओं को हटवाने की मांग भी उठाई। इसके अलावा शहर में लगने वाले जाम की समस्या के समाधान के लिए सड़कों के दोनों ओर पीली पट्टी करवाने का सुझाव भी रखा गया। जिस पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित समस्याओं का जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया।

                       उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आमजन को न्याय दिलाना और उनकी समस्याओं का निष्पक्ष समाधान करना है। पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग का संबंध मजबूत होना चाहिए, तभी कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
                      जनता दरबार से पूर्व पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन ने थाना सदर परिसर में पौधारोपण अभियान के तहत 4 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाए तथा उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए।

                            इसके उपरांत एस.पी. ने थाना परिसर में कर्मचारियों की बैठक लेकर पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने थाना रिकॉर्ड, रजिस्टरों तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की और अधिकारियों व कर्मचारियों को रिकॉर्ड अपडेट रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों से उनकी कार्य संबंधी समस्याओं और दिक्कतों के बारे में भी जानकारी ली तथा उनके समाधान का आश्वासन दिया।

                          बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि थाना परिसर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उसकी शिकायत को धैर्यपूर्वक सुनकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता की सेवा और सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

                             जनता दरबार के दौरान पुलिस विभाग की ओर से आए हुए लोगों के लिए चाय एवं अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई थी, जिसकी लोगों ने सराहना की।

                 इस अवसर पर डी.एस.पी. पिहोवा रणधीर सिंह, थाना सदर प्रभारी सतीश कुमार, गुमथला चौकी इंचार्ज जानपाल सिंह,शिकायत शाखा अधिकारी परवीन कौर,नगरपालिका प्रधान आशीष चक्रपाणी, सुरेंद्र ढींगरा, सरपंच एसोसिएशन के प्रतिनिधि जे.पी.मैहला, युधिष्ठिर बहल, बलविंद्र सिंह, बलजीत सिंह,जयपाल कौशिक, रविकांत कौशिक रिकी शर्मा,तिलक राज संधौला,कृष्ण कुमार, पी.आर.ओ.नरेश कुमार सहित थाना सदर के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं क्षेत्र के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भी पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन का स्वागत कर उनके जनसंपर्क प्रयासों की सराहना की।
Previous Post Next Post