अभिषेक पूर्णिमा
पिहोवा, 1 जून: मां धारी देवी की कृपा से श्री संगमेश्वर मंदिर सेवादल ब्रांच इस्माईलाबाद की ओर से श्री हेमकुंड साहिब व चार धाम यात्रियों के लिए तीसरे विशाल भंडारे की सामग्री का काफिला रवाना किया गया। श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी और मंदिर के सचिव महंत विश्वनाथ गिरी की प्रेरणा एवं गुरु गोरखनाथ धाम के व्यवस्थापक योगी तेजनाथ जी के सानिध्य में संगमेश्वर मंदिर सेवादल के प्रबंधक भूषण गौतम ने सामग्री के काफिले को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
गुरु गोरखनाथ धाम के व्यवस्थापक योगी तेजनाथ का आभार व्यक्त करते हुए सेवादल प्रबंधक भूषण गौतम ने कहा कि श्री हेमकुंड साहिब, बाबा केदारनाथ एवं बाबा बद्रीनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सेवादल ब्रांच की ओर से प्रतिवर्ष भंडारा आयोजित किया जाता है। जहां श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भोजन और ठहराव की व्यवस्था की जाती है। 3 जून से शुरू होने जा रहा यह तीसरा भंडारा है। इसके साथ-साथ यहां श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार की सेवा भी निशुल्क दी जाती है।
ब्रांच इस्माईलाबाद के सदस्यों की टीम इस सेवा का पिछले कई वर्षों से लगातार संचालन कर रही है। अन्य स्थानीय धार्मिक कार्यक्रमों में भी यह टीम बढ़-चढ़कर अपना योगदान देती है। झंडी दिखाने के बाद हर हर महादेव के जयकारों के बीच सामग्री से भरे वाहनों को चार धाम यात्रियों की सेवा के लिए रवाना किया गया।
इस अवसर पर प्रधान अश्विनी धीमान, उपप्रधान कुलयश राज, सचिव मुकेश कुमार, खजांची सन्नी आहूजा, चिरंजीव गर्ग, पार्षद हर्षवीर नैन, भूप्पी नैन, प्रशांत शर्मा, संजय कुमार, महक स्वालिया, सौरभ, विजय कुमार, मलकीत, सतीश सैनी, सुनील कोमल, संजीव कुमार, बलबीर शर्मा, महक राज, दुर्गेश व चेतन आदि उपस्थित रहे।
