मेघमाजरा में इंडोर जिम का उद्घाटन, युवाओं को मिलेगा स्वास्थ्य और खेलों का नया मंच : डी.डी. शर्मा


अभिषेक पूर्णिमा

पिहोवा 23 जून:  गांव मेघमाजरा में युवाओं को बेहतर खेल एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नव-निर्मित इंडोर जिम का उद्घाटन भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता पंडित जय भगवान शर्मा (डी.डी.) ने किया। उद्घाटन समारोह में ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

                इस अवसर पर जय भगवान शर्मा (डी.डी.) ने कहा कि इंडोर जिम गांव के युवाओं के लिए फिटनेस और खेल गतिविधियों का नया केंद्र बनेगा। इससे युवाओं को आधुनिक व्यायाम सुविधाएं मिलेंगी और वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से अधिक सशक्त बन सकेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।

                 उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में खेल अवसंरचना को मजबूत किया जा रहा है ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर मिल सकें।

                  जय भगवान शर्मा ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री की सोच है कि गांव-गांव तक खेल और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जाएं, जिससे युवा अपनी प्रतिभा को निखार सकें और देश-प्रदेश का नाम रोशन करें।

                    उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही मजबूत राष्ट्र की नींव होते हैं। इंडोर जिम की स्थापना से युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और उन्हें खेलों में आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिलेगा।

                  कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने इंडोर जिम की सौगात के लिए जय भगवान शर्मा (डी.डी.) और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया।

                      इस अवसर पर गांव मेघामाजरा के सरपंच सुखविंदर सिंह, गांव जलबेड़ा के सरपंच राजेश शर्मा, गांव तंगोली के सरपंच जगरूप सिंह, गांव टबरा के सरपंच प्रीतम सिंह, बलदेव सिंह जलबेड़ा सहित क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने इंडोर जिम की स्थापना पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे युवाओं के स्वास्थ्य एवं खेल प्रतिभा को निखारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post