शनि देव न्याय के देवता, पूजा अर्चना से होती है सभी बाधाएं दूर: श्रीमहंत बंसी पुरी


अभिषेक पूर्णिमा/ देव पूर्णिमा

श्री दक्षिणा काली पीठ में  14 मई से 16 मई तक  तीन दिवसीय शनि यज्ञ का शुभारंभ

पिहोवा, 14 मई। मॉडल टाउन स्थित श्री दक्षिणा काली पीठ में पीठ के संस्थापक एवं श्रीमहंत बंसी पुरी महाराज के सानिध्य में तीन दिवसीय भव्य शनि यज्ञ का शुभारंभ श्रद्धा और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच किया गया। यज्ञ में महामंडलेश्वर स्वामी विद्या गिरी, स्वामी महेश पुरी, स्वामी आशुतोष पुरी सहित अनेक संत महात्मा एवं दूर-दराज से आए यजमानों, श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए। साधु-संतों ने भाग लेकर भगवान शनिदेव की पूजा-अर्चना की तथा सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। 

                              जानकारी देते हुए पीठ के व्यवस्थापक स्वामी खटवांग पुरी महाराज ने बताया कि 14 मई से 16 मई तक चलने वाले तीन दिवसीय शनि यज्ञ का आयोजन विशेष रूप से लोक कल्याण, ग्रह दोषों की शांति तथा मानव जीवन में सकारात्मक ऊर्जा के संचार हेतु किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यज्ञ के दौरान प्रतिदिन वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा, हवन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे। 

                               कार्यक्रम में विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सर्वप्रथम भगवान शनिदेव का पवित्र स्नान कराया गया, जिसके बाद विधिवत पूजा-पाठ एवं हवन यज्ञ किया गया। 16 मई को शनि यज्ञ शनिवार सायं 6 बजे पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण बना रहा। इस अवसर पर श्रीमहंत बंसी पुरी महाराज ने कहा कि भगवान  शनिदेव न्याय के देवता हैं और सच्चे मन से की गई पूजा-अर्चना से व्यक्ति के जीवन में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं। शनि यज्ञ से मानसिक शांति, ग्रह दोषों से मुक्ति तथा परिवार में सुख-समृद्धि प्राप्त होती है। 

   


                       वर्तमान समय में आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मकता और संस्कारों का प्रसार करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने श्रद्धालुओं से धर्म और मानव सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।  इस मौके पर बलवान शर्मा, रणदीप खुराना, रोहित गर्ग, रिंकी गर्ग, राकेश शर्मा, अजय गर्ग सहित अनेक यजमान एवं श्रद्धालु उपस्थित थे। 


Post a Comment

Previous Post Next Post