भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिली जीत की खुशी में लड्डू खिलाकर मनाया जश्न
अभिषेक पूर्णिमा
पिहोवा, 5 मई। गत देर सायं भगवान परशुराम चौंक पर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने बंगाल, असम एवं पांडुचेरी में मिली जीत की खुशी में एक-दूसरे को जलेबी व लड्डू खिलाकर जश्न मनाया और खुशी साझा की। तीन राज्यों में मिली भाजपा की जीत की खुशी में नगरपालिका के चेयरमैन आशीष चक्रपाणि, मार्किट कमेटी के चेयरमैन तरणदीप वड़ेच, जिला परिषद की चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रिंस मंगला, वरिष्ठ नेता युधिष्ठिर बहल, रामधारी शर्मा, तुलसी वर्मा, बाखली मंडल अध्यक्ष सुखबीर इस्हाक, सरसा मंडल अध्यक्ष बाबू राम रुआ, मंडल महामंत्री गुलशन शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष गीता शर्मा सहित भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटकर व बधाई दी। पश्चिम बंगाल में पहली बार मिली जीत पर खुशी जताते हुए मंडल अध्यक्ष प्रिंस मंगला ने कहा कि यह जनता के विश्वास और पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि असम और पुंडुचेरी में मिली सफलता से भाजपा की नीतियों पर देशभर में भरोसा बढ़ा है। जिला परिषद की चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत लोकतंत्र की जीत है। नगरपालिका चेयरमैन आशीष चक्रपाणि ने कहा कि भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता यह दर्शाती है कि जनता अब स्थिर और विकासशील सरकार चाहती है। भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष गीता शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली जीत से महिला कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि महिलाओं का समर्थन भाजपा के साथ मजबूती से जुड़ा है। गांव धनीरामपुरा के सरपंच विकल कुमार चौबे ने कहा कि भाजपा की जीत युवाओं के सपनों की जीत है। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियां युवाओं को रोजगार और विकास के नए अवसर प्रदान कर रही हैं, जिससे देशभर में समर्थन बढ़ रहा है। इस मौके पर पार्षद जयपाल कौशिक, रविकांत कौशिक, गुरनाम मालिक सारसा, मांगे राम कौशिक, सुशील गर्ग, निर्भय छाबड़ा सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Tags
Pehowa
