अभिषेक पूर्णिमा
पिहोवा, 26 अप्रैल : भाजपा मण्डल अध्यक्ष प्रिंस मंगला के कार्यालय पर शक्ति केंद्र प्रमुखों की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता पंडित जय भगवान शर्मा डीडी ने विशेष रूप से शिरकत की। बैठक स्थल पर पहुंचने पर पं. जय भगवान शर्मा डीडी का शक्ति केंद्र प्रमुखों व भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया। बैठक के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा केंद्र व हरियाणा सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। डीडी ने कहा कि केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार द्वारा देश और प्रदेश के विकास के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। मण्डल अध्यक्ष प्रिंस मंगला ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा एक मजबूत संगठनात्मक ढांचे के कारण ही देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनी है। शक्ति केंद्र प्रमुख पार्टी की रीढ़ हैं और उनकी सक्रियता से ही संगठन को नई मजबूती मिलती है। भाजपा बाखली मंडल अध्यक्ष सुखबीर सिंह इस्हाक़ की अध्यक्षता में अनाज मंडी पिहोवा स्थित किसान विश्राम गृह में शक्ति केंद्र प्रमुखों की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष राजकुमार सैनी ने शिरकत की। बैठक में भाजपा के विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। राजकुमार सैनी ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, उनका दायित्व है कि वे सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाकर आम जनता को उनका लाभ दिलाएं।
फोटो :भाजपा नेता डीडी शर्मा के साथ मंडल अध्यक्ष प्रिंस मंगला व अन्य कार्यकर्ता।