गुरू गोबिंद सिंह के प्रकाशोत्सव पर्व पर निकाला कीर्तन, नतमस्तक हुए श्रद्धालु


श्रद्धा के रंग में रंगी धर्मनगरी पिहोवा, गूंजी गुरु वीर गाथाएं

अभिषेक पूर्णिमा 

पिहोवा, 5 जनवरी :  धर्मनगरी स्थित गुरुद्वारा श्री बाऊली साहिब की ओर से सोमवार को गुरुद्वारा मुखी संत बाबा महिंद्र सिंह व बाबा लक्खा सिंह की अगुवाई में साहिब-ए-कमाल दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव को समर्पित महान नगर कीर्तन निकाला गया।
    पांच प्यारों की अगुवाई एवं श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया में निकले नगर कीर्तन में बड़े ही श्रद्धा व उत्साह के साथ भारी संख्या में संगत ने हाजिरी भरी। नगर कीर्तन के दौरान रागी जत्थे गुरु की वीर गाथाओं का मधुर और ओजस्वी गायन करते हुए नजर आए। गुरुबाणी और शब्द कीर्तन की स्वर लहरियों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ था। नगर कीर्तन गुरुद्वारा बाऊली साहिब से शुरु होकर मेंन बाजार, सरस्वती तीर्थ, गुहला रोड़, माडल टाउन, अनाज मंडी, अंबाला रोड़ व कैथल रोड़ से होता हुआ देर शाम को गुरुद्वारा साहिब में पहुंचा, जहां भव्य आतिशबाजी के साथ नगर कीर्तन संपन्न हुआ।
         फूलों से सुसज्जित पालकी में श्री गुरू ग्रंथ साहिब के दर्शनों के लिए भारी संख्या में संगत पूरी श्रद्धा के साथ शहर के विभिन्न मार्गो पर खड़ी रही। निशान साहिब और तलवारें हाथ में लिए नगर-कीर्तन की अगुवाई कर रहे पंज प्यारे आकर्षण का केंद्र रहे। नगर कीर्तन में विशेष रूप से बाबा काला सिंह, बाबा हजूरा सिंह, बाबा विजय सिंह व बाबा वरयाम सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
            पालकी साहिब का अभिनंदन करने पहुंची जिला परिषद की चेयरमैन कंवलजीत कौर ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी का संदेश था कि अत्याचार सहना कायरता है और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाना ही सच्चा धर्म है। उनके जीवन में त्याग की भावना सर्वोपरि रही। नगर पालिका प्रधान आशीष चक्रपाणि एवं समाजसेवी एवं भाजपा महिला मोर्चा की मंडलाध्यक्ष गीता शर्मा ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन साहस त्याग, समानता और राष्ट्र धर्म का अद्भुत उदाहरण है। उनका संपूर्ण जीवन मानवता को अन्याय के विरुद्ध खड़ा होने, सत्य के मार्ग पर चलने और धर्म की रक्षा के लिए सर्वस्व अर्पण करने की प्रेरणा देता है। मार्केट कमेटी चेयरमैन तरणदीप सिंह वडैच, समाजसेवी डा. अवनीत वडैच ने कहा कि गुरु साहिब ने जितनी लड़ाईयां लड़ी वह किसी जायदाद के लिए नहीं, बल्कि मानव अधिकार, हकूमत के जबरन धर्म परिवर्तन व जुल्म के खिलाफ लड़ी। हमें ऐसे गुरूओं पर सदैव गर्व करना चाहिए। नगर कीर्तन में साथ चल रही संगत के लिए लोगों ने बड़े ही श्रद्धाभाव से चाय, ब्रेड व फलों का प्रसाद संगत को बांटा। नगर कीर्तन के स्वागत के लिए पूरे नगर को तोरणद्वारों से सजाया गया था।
         इस मौके पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन तरणदीप सिंह वडैच, डा. परमजीत सिंह, भाजपा नेत्री गीता शर्मा, डा. अवनीत वड़ैच, तेजेंद्र वालिया, रघुबीर सिंह चंदोक, जोगिंदर बेदी, कुलदीप मुल्तानी, सरपंच विकल चौबे , इंद्रजीत सिंह विर्क, भाजपा मंडलाध्यक्ष प्रिंस मंगला, गुलशन शर्मा सहित भारी संख्या में साध संगत मौजूद रही।
फोटो --नगर कीर्तन की अगुवाई करते पंज प्यारे, शामिल साध संगत व जिप चेयरमैन कंवलजीत कौर।

Post a Comment

Previous Post Next Post