26 जनवरी 2026 में परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकियां रहेंगी आकर्षण का केन्द्र, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों,
कर्मचारियों को किया जाएगा सम्मानित,
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने 26 जनवरी की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिए कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश
राजेश वर्मा। कुरुक्षेत्र भूमि
कुरुक्षेत्र, 2 जनवरी
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह को हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया जाएगा। इस 26 जनवरी में परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकिया मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहेगी। इस राष्ट्रीय पर्व पर सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार मे 26 जनवरी की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय पर्व को परम्परा अनुसार मनाया जाएगा। इसलिए सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर समारोह की तैयारियां शुरू कर दे ताकि समय रहते सभी तैयारियां पूरी हो सके। इस राष्ट्रीय पर्व को लेकर पुलिस, होमगार्ड और एनसीसी के जवान परेड की रिर्हसल शुरू करें ताकि बेहतर परेड का आयोजन किया जा सके।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग के अधिकारी संबंधित विभागों के साथ मिलकर लगभग 30 मिनट के सांस्कृतिक कार्यक्रम तैयार करे। इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देशभक्ति से जुड़े विषयों को शामिल किया जाए।
इन वि
द्यार्थियों की तैयारियां शुरू करवाई जाए और अच्छे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन किया जाए। इसके अलावा 26 जनवरी को सभी विभागों की तरफ से झांकियां निकाली जाएगी। इस वर्ष एग्री स्टैक, क्रिड, स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 की झांकियों को शामिल किया जाए। इसके अलावा पर्यटन विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए है कि ज्योतिसर अनुभव केन्द्र को लेकर एक झांकी तैयार की जाए।
उपायुक्त ने कहा कि 26 जनवरी को सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के नाम समय रहते प्रशासन द्वारा गठित कमेटी के पास पहुंचने चाहिए। इसके अलावा एचओडी स्वयं सम्मानित होने के लिए अपने नाम की अनुशंसा ना करे। इसके लिए आला प्रशासन के अधिकारी ही एचओडी के नाम की अनुशंसा करेंगे। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था, साफ सफाई, पीने के पानी और अन्य प्रबंधों को संबंधित विभाग के अधिकारी समय रहते पूरा करना सुनिश्चित करेंगे। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, एडीसी विवेक आर्य, एसडीएम डा. चिनार चहल, डीएमसी अमन कुमार, सीईओ जिला परिषद शम्भू राठी, डीएसपी सुनील कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Tags
कुरुक्षेत्र
