- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने झांसा में मारकंडा एसवाईएल व भाखड़ा का किया निरीक्षण
- किसानों व ग्रामीणों की सुनी समस्याएं
- अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
राजेश वर्मा। कुरुक्षेत्र भूमि
शाहाबाद/इस्माईलाबाद, 6 सितंबर
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र में जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों के स्थाई समाधान को लेकर विशेष योजना तैयार करें, ताकि भविष्य में आमजन को इस स्थिति और समस्याओं का सामना न करना पड़े। इस बार जलभराव से जो समस्याएं उत्पन्न हुई है, उनका सरकार द्वारा स्थाई समाधान निकाला जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र से आए पानी के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई है, इस समस्या में प्रदेश के नागरिकों के लिए सरकार हर स्थिति में मदद के लिए तैयार है। लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत परेशानी नहीं होने दी जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को झांसा हेड पर मारकंडा से प्रभावित जल भराव का निरीक्षण कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने यहां पर नागरिकों से बातचीत करके उनकी समस्याओं को सुना। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नागरिकों से अपील की कि वह अपने नुकसान की भरपाई के लिए ई क्षतिपूर्ति पोर्टल पर आवेदन करें। सरकार आवेदन पत्र पर फसलों व अन्य नुकसान का आकलन कर भरपाई करेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जलभराव की इस आपदा की स्थिति में सभी अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विधायक, मंत्री लोगों के बीच जा रहे हैं। उनकी समस्याओं को सुन रहे है, साथ ही उनका समाधान करने के लिए प्रयास किया जा रहे है। सरकार और प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर काम कर रहे है। उन्होंने कहा कि कुछ घरों में पानी घुसा है। जल भराव की स्थिति के कारण परिस्थिति बदली हुई है। कुछ समय पहले ही कच्ची छत से बने मकानो में रहने वाले परिवारों को सरकार ने निर्माण के लिए पैसा जारी किया, लेकिन अनुकूल वातावरण ना होने के कारण वो अपना पक्का मकान का निर्माण नहीं कर सके। अब जैसे ही जल भराव की स्थिति खत्म होगी यह निर्माण कार्य भी शुरू होंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश की खराब हुई सड़कों, बांधो, पुलों सहित अन्य कामों को शुरू करवाया जाएगा। अब तक सरकार के पास जो भी मांगे पहुंची हैं, उनको भी पूरा किया जाएगा। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जल भराव से प्रभावित गांव तंगोर, कठवा, कलसाना सहित कई गांव में जाकर स्थिति का जायजा लिया। इसके अलावा झांसा जाते समय गांव ठोल व गांव नलवी में रुककर ग्रामीणों से बातचीत भी की। इस मौके पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार भारत भूषण भारती, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, जिला अध्यक्ष तिजेंद्र सिंह गोल्डी, भाजपा नेता जयभगवान शर्मा डीडी, सुभाष कलसाना, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, चेयरमैन धर्मवीर डागर, चेयरमैन जयसिंह पाल, उपाध्यक्ष धूमन सिंह किरमच, मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, महेंद्र सिंगला, रविंद्र सागवान, सरपंच झांसा पवन गाबा, ठस्का मीराजी सरपंच मीना कुमारी, युधिष्ठिर बहल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
Tags
कुरुक्षेत्र