प्रभु नाम से हो हर दिन की शुरुआत, ऐसा बनाए मन का भाव: जगदीश तनेजा


अभिषेक पूर्णिमा/राजेश वर्मा 
पिहोवा, 12 जुलाई:  
                              मानव जीवन की डगमग नैया को प्रभु भक्ति की पतवार ही पार लगा सकती है — यही संदेश लेकर आज सुबह की प्रभातफेरी नंद कॉलोनी की गलियों में अलौकिक रौशनी बनकर बही। परम श्रद्धेय, महामण्डलेश्वर, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज की प्रेरणा से आयोजित इस आध्यात्मिक यात्रा का आयोजन सतीश बंसल के सौजन्य से संपन्न हुआ।
         भोर की शांति में गूंजते वैदिक मंत्रोच्चार और कृष्ण नाम के मधुर भजनों ने समूचे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। भजन गायकों कुश चुचरेजा, काका ग्रोवर, दिनेश अत्री, वीना नारंग, अश्विनी वासन, सुशील गर्ग, जितेंद्र वर्मा ने अपने भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रभु भक्ति में डुबो दिया।
          कार्यक्रम में सुखविंदर सिंह, शांति स्वरूप शर्मा, राजीव थरेजा और बंटी वर्मा ने बंसल परिवार को ठाकुर जी का सुंदर स्वरूप भेंट कर आयोजन को चिर स्मरणीय बना दिया। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं ने शांति सद्भावना पाठ और श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों का सामूहिक पाठ किया, जिसने प्रभातफेरी को और भी दिव्यता से भर दिया।
            मंच संचालन कर रहे जगदीश तनेजा ने श्रद्धालुओं को सहज भाव से समझाया कि हम हर दिन यह गिनते हैं कि हमने कितना कमाया, पर यह नहीं सोचते कि हमने आज कितना सिमरन किया। धन यहां तक है, लेकिन नाम की कमाई वहां भी साथ जाएगी। हर सुबह प्रभु नाम से प्रारंभ हो तो यही  जीवन की सबसे बड़ी कमाई हैं।
            आयोजक परिवार ने समस्त श्रद्धालुओं का स्नेहपूर्वक स्वागत किया और सभी उपस्थितजनों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
          मीडिया प्रभारी भरत तनेजा ने बताया कि अगली प्रभातफेरी सोमवार को प्रवीण मित्तल के सौजन्य से मॉडल टाऊन में आयोजित की जाएगी। इस मौके पर भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post