मां बगलामुखी जयंती पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन होगा 9 मई को--महंत भीम पुरी

पिहोवा, 7 मई (राजेश वर्मा)।

 मां पीताम्बरा सिद्ध पीठ धनीरामपुरा में 9 मई को मां बगलामुखी जयंती श्रद्धा एवं उल्लास से मनाई जाएगी। जानकारी देते हुए मां पीताम्बरा पीठ बगलामुखी धाम के व्यवस्थापक महंत भीम पुरी ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मां बगलामुखी जयंती पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि 9 मई को सुबह मां बगलामुखी का अभिषेक होगा उसके पश्चात यंत्र पूजन व हवन यज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें यज्ञाचार्य सहित अनेक विद्वान ब्राह्मण वैदिक मंत्रोच्चारण के उदघोष के साथ संत महात्माओं व श्रद्धालु हवन यज्ञ में आहुति डालेंगे। दोपहर 12 बजे पूर्णाहुति का आयोजन होगा इसके पश्चात विशाल भंडारे होगा। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से धाम के संस्थापक महंत बंसी पुरी, श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव व संगमेश्वर धाम अरूणाय के व्यवस्थापक महंत विश्वनाथ गिरी सहित अनेक संत महात्माओं व नगर के अनेक गण्यमान्य लोग भाग लेंगे। महंत भीम पुरी ने बताया कि देवी बगलामुखी दैवीय शक्तियों तथा सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। दैवीय शक्ति के रूप में जाना जाता है, यह बुराई और दुष्टता की नकारात्मक शक्तियों का नाश करती हैं। देवी अपने भक्तों को बुरी शक्तियों से बचाती है और उनकी रक्षा करती है। ऐसा माना जाता है कि देवी दुर्गा शक्तियों का संयुक्त रूप हैं, देवी कि दिव्य शक्ति में हथियारों और प्रतीकों के रूप में सभी देवताओं की संयुक्त ऊर्जा शामिल होती है। मां बगलामुखी बुरी शक्तियों अहंकार, इष््र्या, पूर्वाग्रह, घृणा, क्रोध, लालच और स्वार्थ को नष्ट करके बुराईयों और दुख से बचाती हैं। इस अवसर पर स्वामी शिवदयाल पुरी, स्वामी अमर पुरी, विकल कुमार चौबे, अखिलेश तिवारी, गंगा प्रसाद शास्त्री सहित अनेक लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post