युवा, किसान और आम जनता भाजपा से परेशान, बदलाव का समय करीब: दिग्विजय चौटाला

अभिषेक पूर्णिमा

जन-जन अभियान में दिग्विजय चौटाला का भाजपा पर हमला, बोले जनता का गुस्सा सत्ता बदलने की ताकत रखता है

पिहोवा में दिग्विजय चौटाला का शक्ति प्रदर्शन, भाजपा और कांग्रेस दोनों पर साधा निशाना

पिहोवा, 6 जून। जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह चौटाला ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार जनभावनाओं की अनदेखी कर तानाशाही रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि यदि जनता का गुस्सा फूट पड़ा तो भाजपा नेताओं के लिए जनता के बीच जाना और जवाब देना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने सभी विपक्षी दलों और जागरूक नागरिकों से जनहित के मुद्दों पर एकजुट होने का आह्वान किया।

                दिग्विजय चौटाला शनिवार को पिहोवा क्षेत्र में चल रहे "जन-जन अभियान" के तहत गांव ईशाक, बाखली, मांगना, थाना पुल प्लॉट, खेड़ी शीशगरां, मुर्तजापुर, मलिकपुर, हरिगढ़ भौरख, चनालहेड़ी, डेरा गुरदयालपुरा, कंथला, जलबेहड़ा, शेरगढ़ और ठसका मीरांजी सहित विभिन्न गांवों में आयोजित जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।

                 उन्होंने बताया कि सिरसा और फतेहाबाद जिलों के 125 गांवों का दौरा पूरा करने के बाद अब अभियान पिहोवा क्षेत्र में पहुंचा है। इसके तहत 18 गांवों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और अगले छह महीनों में प्रदेश के लगभग 1100 गांवों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि भाजपा की नीतियों से सबसे अधिक युवा वर्ग प्रभावित हुआ है। उन्होंने जेईई और नीट परीक्षाओं में सामने आई अव्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकारी नाकामियों का खामियाजा लाखों युवाओं को भुगतना पड़ रहा है। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में लगातार हो रही वृद्धि से आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि नई शिक्षा नीति के नाम पर युवाओं के भविष्य के साथ प्रयोग किया जा रहा है और जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है।


"कॉकरोच जनता पार्टी" जनता के आक्रोश का प्रतीक

                                 दिग्विजय चौटाला ने सोशल मीडिया पर चर्चा में रहे "कॉकरोच जनता पार्टी" के संदर्भ में कहा कि यह कोई राजनीतिक दल नहीं, बल्कि भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान युवाओं और आम लोगों के भीतर पनप रहे आक्रोश का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जनता की नाराजगी अब सोशल मीडिया से निकलकर सड़कों तक पहुंच रही है और यही बदलाव की बुनियाद बनेगी।

                              उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ कांग्रेस को समर्थन दिया था, उस विश्वास पर पार्टी पूरी तरह खरी नहीं उतरी। जनता के बीच लगातार बने रहना और उनके मुद्दों के लिए संघर्ष करना ही सच्ची राजनीति का आधार होना चाहिए।

                    इस अवसर पर पूर्व प्रत्याशी प्रो. रणधीर सिंह, डॉ. जसविंद्र सिंह खैहरा, कुलदीप जखवाला, गुरलाल वड़ैच, विशाल मुकीमपुरा, राजेश पायलट, योगेश शर्मा, होशियार सिंह, सूर्य प्रताप, अनवर खान, अजय बाजीगर, सार्थ तिवारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Previous Post Next Post