इमरजेंसी के दौरान प्रताड़ित लोगों को भाजपा करेगी सम्मानित
*कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर लगाई जाएगी प्रदर्शनी*
अभिषेक पूर्णिमा/राजेश वर्मा
कुरुक्षेत्र, 24 जून। भारतीय जनता पार्टी द्वारा 25 जून को देशभर में काला दिवस मनाया जाएगा। इसी कड़ी में कुरुक्षेत्र में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस विषय को लेकर आज भाजपा कार्यालय में एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता में भाजपा जिला कार्यकारी अध्यक्ष रमेश सैनी पूर्व कैबिनेट मंत्री सुभाष सुधा, कुरुक्षेत्र भाजपा जिला प्रभारी दीपक शर्मा, चेयरमैन सुभाष कलसाना, जय भगवान शर्मा, प्रदेश सचिव राहुल राणा शामिल हुए।
पूर्वमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि नई पीढ़ी को लोकतंत्र के महत्व और आपातकाल के दौरान हुई घटनाओं से अवगत कराने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उस दौरान विपक्ष के जिस किसी नेता ने भी आवाज उठाई उसको जेल में बंद कर दिया गया और उसको प्रताड़ित किया। पूर्व मंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि जिन लोगों को प्रताड़ित किया गया उनको कल पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सम्मानित करेंगे।
भाजपा नेताओं ने बताया कि वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हुआ था और हजारों लोगों को जेल में डाल दिया गया था।
पार्टी की ओर से आपातकाल के दौरान संघर्ष करने वाले और प्रताड़ित हुए लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें आपातकाल से जुड़े दस्तावेज, तस्वीरें और ऐतिहासिक जानकारियां प्रदर्शित की जाएंगी।
इस अवसर पर कुरूक्षेत्र जिला मीडिया प्रभारी ललित माटा, प्रदेश प्रवक्ता रविंद्र सांगवान, चेयरमैन गुरनाम सैनी ,जिला प्रवक्ता हैप्पी विर्क, जिला महामंत्री अर्जुन त्यागी सहित अन्य सभी जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष सभी सम्मानित कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
Tags
Kurukshetra