पिहोवा 21 मार्च। भारतीय शिक्षा समिति द्वारा संचालित बाबा श्रवणनाथ विद्यालय का वार्षिक परीक्षा परिणाम शुक्रवार को घोषित किया गया। इस मौके पर बतौर मुख्यातिथि श्रीमहंत बंसी पुरी, संगमेश्वर महादेव मंदिर के सचिव महंत विश्वनाथ गिरी व महंत भीम पुरी ने बच्चों को आशीर्वाद दिया। श्रीमहंत बंसी पुरी ने कहा कि श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी के सानिध्य में चल रहा बाबा श्रवणनाथ स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में पिछले 50 वर्षों से नए आयाम स्थापित कर रहा है। यहां से शिक्षा प्राप्त करके बच्चे विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्र सेवा के पद पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को अंग्रेजी सहित सभी विषय सीखने चाहिए लेकिन उसके बराबर अपनी मातृभाषा हिंदी को भी पूरा सम्मान देना चाहिए। महंत भीम पुरी ने कहा कि यहां बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी प्रदान किए जा रहे हैं ताकि वे कर्तव्य निष्ठ नागरिक बनकर देश की सेवा में भागीदार बन सकें। भारतीय शिक्षा समिति के सचिव भूषण गौतम ने बताया कि परिणाम शत प्रतिशत रहा। बहुत से बच्चों ने पूर्ण अंक प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि अध्यापकों की मेहनत की बदौलत प्रतिवर्ष बच्चों की संख्या में वृद्धि हो रही है। जिसके मद्देनजर बाबा श्रवणनाथ विद्यालय पिहोवा को आगामी सत्र से सीबीएसई में कन्वर्ट किया जा रहा है। ब्लॉक स्तरीय साइंस एग्जीबिशन में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर छात्र भुवन धीमान सहित सभी बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले बच्चों को स्कूल की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समाजसेवी अंशुल बंसल और आशुतोष जोशी की ओर से सभी बच्चों को वाटर बोतल भेंट की गई। जबकि जनक राज सिंगला ने स्टाफ की नई ड्रेस बनवाने का जिम्मा उठाया। इस मौके पर समिति के सचिव भूषण गौतम, आशुतोष गिरी, प्रिंसिपल खजान मेहला, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी जसबीर सैनी, डॉ. राजेंद्र मंगला, वीरभान गुप्ता नंबरदार, सुभाष गुप्ता सहित अभिभावक व छात्र मौजूद रहे।
