सभी बाधाओं को दूर करने में सक्षम है गुप्त नवरात्रि में दुर्गा पूजा : बंसी पुरी


अभिषेक पूर्णिमा 
पिहोवा, 04 जुलाई ! प्राचीन माता बाला सुंदरी मंदिर में गुप्त नवरात्रि की अष्टमी को एक विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया। कुरुक्षेत्र से भजन गायक बब्बू चावला सहित अनेक भजन गायको ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को देर रात तक बैठने पर मजबूर कर दिया। 

        कार्यक्रम में विशेष रूप से भारत साधु समाज के प्रदेशाध्यक्ष श्रीमंहत बंसी पुरी महाराज, महंत महेश पुरी, स्वामी आशुतोष पुरी सहित नगर के अनेक गणमान्य जनों ने शिरकत की।

          माता बाला सुंदरी मंदिर कार्यकारणी कमेटी के अग्रणी सेवादार श्रवण मंगला ने बताया कि मंदिर परिसर में समय-समय पर अनेक धार्मिक कार्यक्रम, चैत्र एवं शारदीय नवरात्र, महाशिवरात्रि, श्री कृष्ण जन्माष्टमी, भजन संध्या व जगराता आदि आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से मंदिर प्रबंधन की ओर से प्रतिदिन सरस्वती तीर्थ पर आने वाले यात्रियों व अमावस्या सहित मेलो आदि में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवास व भोजन की निशुल्क व्यवस्था निरंतर जारी है।

           श्रीमहंत बंसी पुरी ने अपने संबोधन में कहा कि गुप्त नवरात्रि में दुर्गा पूजा का विशेष महत्व है। भक्तों द्वारा की गई पूजा अर्चना से मां प्रसन्न होकर उनकी सभी बाधाओं को दूर करती है। उन्होंने कहा कि गुप्त नवरात्रि में दान करना भी शुभ एवं अत्यंत फलदायी माना गया है।
   

   मंदिर के पुजारी पंडित निर्भय पांडे ने श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया। अंत में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। महंत बंसी पुरी ने शर्मा परिवार को मां का स्वरूप भेंट कर अपना आशीर्वाद दिया।

          इस मौके पर सतप्रकाश मंगला, प्रधान संजय गुप्ता, रमेश मित्तल, संजय कुकरेजा, रमेश शर्मा, संजीव गर्ग, प्रवीण कुमार (पिन्नी), केशव सिंगला, डॉ. राजीव, रतन मंगला, रोशन रोहिला, तरसेम वर्मा, प्रवीण गोयल, राजेश बंसल, जोनी सैनी, सहित भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर पुण्य अर्जित किया।
शर्मा परिवार को माता का स्वरूप भेटं करते श्रीमहंत बंसी पुरी महाराज 

Post a Comment

Previous Post Next Post