अभिषेक पूर्णिमा/राजेश वर्मा
पिहोवा, 2 जुलाई। संगमेश्वर सेवादल अरुणाय के प्रबंधक भूषण गौतम ने बताया संगमेश्वर महादेव मंदिर में 10 जुलाई से 9 अगस्त तक सावन माह मनाया जाएगा। इस माह में मंदिर में कई भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सावन माह के पर्व को मनाने के लिए मंदिर में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। वे यहां अनाज मंडी में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पंचायत अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव महंत रविन्द्र पुरी, सचिव महंत विश्वनाथ गिरी के तत्वावधान में सावन माह के सभी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सावन माह में हर रोज मंदिर परिसर में पार्थिव शिव लिंग की पूजा की जाती है। जिसके लिए जंगलों से सांप की बम्बी से मिट्टी लाकर उससे पार्थिव शिवलिंग बनाया जाता है। पूजा के बाद संगम तीर्थ पर उसका विसर्जन किया जाता है। सावन के आखिरी दिन शिवलिंग का विसर्जन मां सरस्वती तीर्थ में भव्य शोभायात्रा के साथ किया जाता है। इसके अलावा 21 जुलाई को जरूरतमंद कन्याओं की शादी मंदिर परिसर में की जाएगी। हर रोज रात्रि में महादेव का भस्म अभिषेक भी किया जाएगा। 8 अगस्त को सावन माह के समापन पर भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। मौके पर बलदेव शर्मा, महक सवालिया, पुनीत, मनदीप कलावड़ आदि मौजूद रहे।