पिहोवा, 9 जुलाई — भारतीय जनता पार्टी ने पिहोवा के अर्जुन त्यागी को कुरुक्षेत्र ज़िले का नया जिला महामंत्री नियुक्त किया है। पार्टी में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे अर्जुन त्यागी की छवि एक ईमानदार, शिक्षित और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में जानी जाती है। इस नियुक्ति की जानकारी देते हुए व्यापार मंडल के राष्ट्रीय महामंत्री विकास गर्ग ने बताया कि अर्जुन त्यागी पिछले एक दशक से पार्टी से जुड़े हुए हैं और विभिन्न ज़िम्मेदारियों को सफलता से निभा चुके हैं। वे भाजपा प्रदेश लीगल सेल के प्रदेश मीडिया संयोजक, भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी, पार्टी की रिसर्च टीम के सदस्य सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वह उत्तरी भारत क्षेत्रीय परिषद के निर्वाचित सदस्य भी हैं। पेशे से कंपनी सचिव अर्जुन त्यागी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी जुड़े रहे हैं और पार्टी के बुद्धिजीवी वर्ग में उनकी अहम भूमिका रही है। अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए अर्जुन त्यागी ने कहा कि यह पद उनके लिए केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व — मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, और जिला अध्यक्ष तेजेंद्र सिंह खैहरा — का आभार व्यक्त किया जिन्होंने उन पर विश्वास जताया।
उन्होंने कहा, "मैं कार्यकर्ताओं के सम्मान, पारदर्शिता, अनुशासन और संवाद के साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए कार्य करूंगा। वरिष्ठ नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के सहयोग से भाजपा कुरुक्षेत्र को नई ऊँचाइयों तक ले जाना मेरा संकल्प है।"
पार्टी कार्यकर्ताओं में भी इस नियुक्ति को लेकर उत्साह देखा जा रहा है, और सभी को विश्वास है कि अर्जुन त्यागी के नेतृत्व में कुरुक्षेत्र ज़िला संगठन और अधिक सुदृढ़ होगा।
