अभिषेक पूर्णिमा
--धनीरामपुरा में मां बगलामुखी जयंती महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न
पिहोवा, 24 अप्रैल गांव धनीरामपुरा स्थित श्री पीतांबरा पीठ मां बगलामुखी मंदिर में मां बगलामुखी जयंती महोत्सव बड़े ही श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष वातावरण देखने को मिला।
मंदिर के अग्रणी सेवादार एवं सरपंच विकल कुमार चौबे ने जानकारी देते हुए बताया कि जयंती के उपलक्ष्य में श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के श्रीमहंत बंसी पुरी महाराज एवं महंत भीम पुरी महाराज के सानिध्य में विधि-विधान से मां बगलामुखी का पूजन, हवन यज्ञ तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्री संगमेश्वर महादेव मंदिर के महंत विश्वनाथ गिरी, महंत लक्ष्मी नारायण पुरी महाराज, स्वामी अमरपुरी, स्वामी धर्मराज पुरी, स्वामी मारकंडेय पुरी, महंत जगन्नाथ पुरी, महंत सर्वेश्वरी गिरी, स्वामी आशुतोष पुरी, बुधर गौतम सहित दूर दराज से अनेक संत महात्मा शामिल हुए।
श्रीमहंत बंसी पुरी महाराज ने मां बगलामुखी की पूजा-अर्चना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मां की साधना से भक्तों को संकटों से मुक्ति, शत्रुओं पर विजय तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से मां की आराधना करने पर हर मनोकामना पूर्ण होती है।पूरे आयोजन के दौरान भक्ति संगीत, मंत्रोच्चारण और हवन की पवित्र ध्वनि से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।
भाजपा नेता जय भगवान शर्मा डीडी ने मां बगलामुखी की पूजा अर्चना कर महंत बंसी पुरी महाराज से आशीर्वाद लिया और महंत बंसी महाराज ने सभी गणमान्य लोगों को माता की चुनरी ओढ़ाकर प्रसाद भेंट किया। अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम की सफलता में गांव के लोगों और मंदिर समिति का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता जय भगवान शर्मा डीडी, जिला परिषद की चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, भाजपा जिलाध्यक्ष तेजेंद्र गोल्डी खैरा, थानेसर नगर परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि मलकीत ढांडा, मंडलध्यक्ष प्रिंस मंगला, महामंत्री गुलशन शर्मा, संदीप सजुमा, सुरेंद्र पहलवान, परमजीत सिंह गुमथला, राजेंद्र सिंह, जे पी मेहला, सरपंच कृष्ण सैसा, रामनाथ दीवाना, रमेश ककराला, अशोक बटेडी सहित भारी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।


