सिख गुरुओं की शिक्षाओं से जुड़ेगा नई पीढ़ी का भविष्य, सरकार का सराहनीय कदम : कंवलजीत कौर


अभिषेक पूर्णिमा

हरियाणा सरकार ने सिख इतिहास को दिया सम्मान, मुख्यमंत्री का जताया आभार

पिहोवा। जिला परिषद अध्यक्ष कंवलजीत कौर ने हरियाणा सरकार द्वारा आठवीं कक्षा के इतिहास पाठ्यक्रम में सिख गुरुओं के गौरवशाली इतिहास को शामिल किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी समागम के अवसर पर की गई घोषणा को पूरा करना प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता और सिख इतिहास के प्रति सम्मान को दर्शाता है।

                कंवलजीत कौर ने कहा कि अब प्रदेश के स्कूली विद्यार्थियों को सिख गुरुओं के त्याग, तपस्या, बलिदान और मानवता की सेवा से जुड़े प्रेरणादायक इतिहास को पढ़ने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही बाबा बंदा सिंह बहादुर जी के संघर्ष, शौर्य और बलिदान की गाथाओं से भी छात्र परिचित होंगे, जिससे उनमें देशभक्ति, सामाजिक समरसता और मानवता के प्रति समर्पण की भावना मजबूत होगी। 

                 उन्होंने कहा कि सिख गुरुओं ने हमेशा मानव कल्याण, समानता, भाईचारे और सेवा का संदेश दिया है। उनके जीवन और शिक्षाओं को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाए जाने से नई पीढ़ी को नैतिक मूल्यों और संस्कारों की प्रेरणा मिलेगी। यह कदम विद्यार्थियों को अपने गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

                  जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा सरकार शिक्षा के साथ-साथ संस्कृति और विरासत के संरक्षण के लिए भी लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा प्रदेश सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों को अपने इतिहास से जोड़ने और उन्हें बेहतर नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Previous Post Next Post